नयी दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार क्षेत्र में इमारत गिरने की घटना में कई लोगों की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार देर रात हुआ, जब विजय नगर इलाके में स्थित रमाबाई अपार्टमेंट, जिसमें लगभग 50 फ्लैट थे, अचानक एक खाली मकान पर रात 12 बजकर 5 मिनट पर ढह गई। इस दुर्घटना में कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे के बाद वसई-विरार नगर निगम (VVMC) की शिकायत पर चार मंजिला इमारत के बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,"महाराष्ट्र के विरार में एक इमारत गिरने से हुई कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"