स्वर्ण पदक के लक्ष्य के साथ एशियाड के लिए रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-09-2026
Indian women's hockey team leaves for Asiad with aim of gold medal
Indian women's hockey team leaves for Asiad with aim of gold medal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवें स्थान पर रहने के बाद उत्साह से लबरेज भारतीय महिला हॉकी टीम स्वर्ण पदक जीतकर 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई करने के लक्ष्य के साथ एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए मंगलवार को जापान रवाना हुई।

कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में और कोच शोर्ड मारिन की निगरानी में भारत ने विश्व कप में पांचवें स्थान पर रहकर 1974 के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
 
अब सबकी निगाहें एशियाई खेलों पर टिकी हैं, जहां स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम सीधे ओलंपिक में जगह बना लेगी।
 
सलीमा ने कहा, ‘‘हम एशियाई खेलों में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ जा रहे हैं, लेकिन हम यह भी जानते हैं कि हर टूर्नामेंट एक नई चुनौती लेकर आता है। नेशंस कप और विश्व कप ने हमें यह विश्वास दिलाया है कि हम मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है, स्वर्ण पदक जीतना और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करना। हम जानते हैं कि इसके लिए निरंतरता, अनुशासन और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। एक टीम के रूप में हम इस चुनौती के लिए तैयार हैं।’’
 
भारत को जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान के साथ पूल बी में रखा गया है। टीम 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। इसके बाद वह 21 सितंबर को इंडोनेशिया, 23 सितंबर को थाईलैंड, 25 सितंबर को जापान और 27 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ मैच खेलेगी।