आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 11,000 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है तथा तलाश और बचाव अभियान के लिए 22,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सोमवार तक के आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या 939 हो गई, जबकि करीब 4,000 लोग अब भी लापता हैं।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के प्रवक्ता शांति महत ने बताया कि प्रभावित इलाकों में तलाश और बचाव अभियान के लिए कम से कम 16 हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक 11,000 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है और सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तलाश एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।
महत के अनुसार, इन अभियानों के लिए नेपाल सेना के जवानों समेत 22,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
अब तक अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना के विभिन्न स्थलों से 254 मजदूरों और तकनीशियनों को बचाया जा चुका है। वहीं, तलाश अभियान अभी जारी है और इसमें भारत तथा चीन के सुरंग विशेषज्ञ भी सहयोग कर रहे हैं।