जन्माष्टमी: मथुरा में 3-5 सितंबर तक यातायात प्रतिबंध, पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-09-2026
Janmashtami: Traffic restrictions, elaborate parking arrangements in Mathura from September 3-5
Janmashtami: Traffic restrictions, elaborate parking arrangements in Mathura from September 3-5

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 जन्माष्टमी समारोह और श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तीन से पांच सितंबर तक मथुरा में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, तीन सितंबर सुबह आठ बजे से पांच सितंबर सुबह नौ बजे तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर वाणिज्यिक और भारी वाहनों, सिटी बसों, चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
 
शहर में द्वारकाधीश मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
 
बयान के अनुसार, प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़भाड़ से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की है। मथुरा-वृंदावन के बीच यातायात प्रबंधन के तहत छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर निर्धारित बहुस्तरीय पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
 
प्रशासन ने कहा कि एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं को यातायात प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।
 
बयान में कहा गया है कि जन्माष्टमी के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने जिला पुलिस प्रमुखों को सतर्क रहने और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
 
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
 
पुलिस को सोशल मीडिया मंचों पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर नजर रखने और ऐसी सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
 
जुलूसों और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा सभी समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।