आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
‘जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी’ की असरदार टैगलाइन के साथ देश के लाखों लोगों को बीमा की सेवाएं देने वाले भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थापना आजादी के नौ साल बाद एक सितंबर के दिन ही की गई थी।
यह दिन एक और कारण से भी इतिहास में दर्ज है। आज भले शब्दकोश के नाम पर ढेरों ऑनलाइन सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन एक समय पढ़ने लिखने वाले लोगों के लिए शब्दकोश या डिक्शनरी के नाम पर मोटी-मोटी किताबें हुआ करती थीं और शब्दकोश को तैयार करना बहुत मुश्किल काम माना जाता था। भारत में शब्दकोश का जिक्र आते ही फादर कामिल बुल्के का नाम जहन में आता है। बुल्के का जन्म भी एक सितंबर को ही हुआ था।
एक सितंबर 1985 को अटलांटिक महासागर में प्रसिद्ध जहाज टाइटैनिक का मलबा खोजा गया था। इस अभियान का नेतृत्व अमेरिकी महासागर विज्ञानी रॉबर्ट बैलार्ड और फ्रांसीसी शोधकर्ता ज्यां-लुई मिशेल ने किया था। टाइटैनिक का मलबा, कनाडा के न्यूफाउंडलैंड तट से दक्षिण-पूर्व में लगभग 400 मील दूर, समुद्र तल से लगभग 12,500 फुट (3,800 मीटर) की गहराई में मिला था।
टाइटैनिक जहाज दुर्घटना इतिहास की सबसे भीषण शांतिकाल समुद्री आपदाओं में से एक है, जो 14-15 अप्रैल 1912 की रात उत्तरी अटलांटिक महासागर में एक हिमखंड (आइसबर्ग) से टकराने के कारण हुई थी। जहाज में 2200 से अधिक लोग सवार थे जिनमें से 1500 से अधिक की इस हादसे में जान चली गई थी।
एक सितंबर 2025 को पूर्वी अफगानिस्तान में आए 6.0 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने कई प्रांतों को हिलाकर रख दिया, जिससे भारी तबाही हुई। भूकंप से कई गांव तबाह हो गए और लोग मिट्टी, कच्ची ईंटों और लकड़ी से बने कच्चे मकानों के मलबे में दब गए, जो इस झटके को झेल नहीं पाए। इस आपदा में 1400 से अधिक लोगों की जान चली गई और 2500 से अधिक लोग घायल हो गए।
देश दुनिया के इतिहास में एक सितंबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1858 : ईस्ट इंडिया कंपनी के निदेशकों की अंतिम बैठक लंदन के ईस्ट इंडिया हाउस में आयोजित की गई।
1878 : एम्मा एम नट्ट अमेरिका में पहली महिला टेलीफोन ऑपरेटर बनी।
1909 : प्रसिद्ध साहित्यकार और शब्दकोश तैयार करने वाले फ़ादर कामिल बुल्के का जन्म।
1923 : ग्रेट कैंटो भूकंप ने जापान के तोक्यो और योकोहामा शहरों में भारी तबाही मचायी।
1942 : रास बिहारी बोस ने इंडियन नेशनल आर्मी की स्थापना की।
1947 : भारतीय मानक समय की शुरूआत की गई।
1956 : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की स्थापना।
1964 : इंडियन ऑयल रिफ़ाइनरी और इंडियन ऑयल कम्पनी को विलय करके इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन बनाई गयी।
1965 : पाकिस्तानी फौज ने कश्मीर में संघर्षविराम रेखा को पार किया।
1985 : अटलांटिक महासागर में प्रसिद्ध जहाज टाइटैनिक का मलबा खोजा गया।
1992 : निकारागुआ के प्रशांत तट पर 7.7 तीव्रता का भीषण भूकंप आया जिसके कारण समुद्र में 10 मीटर (करीब 32 फुट) ऊंची सुनामी की लहरें उठीं, जिसने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई और 100 से अधिक लोगों की जान ले ली।
2000 : चीन ने तिब्बत होते हुए नेपाल जाने वाले अपने एकमात्र रास्ते को बंद किया जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा।
2006 : ईरान के मशहद अंतरराष्ष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय ईरान एयरटूर की फ्लाइट 945 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें आग लगने से 29 लोगों की मौत हो गई थी।
2015 : संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की कि आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने सीरिया के पाल्मीरा शहर में स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक 'टेम्पल ऑफ बेल' को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
2019 : यमन के धमार शहर में हुए भीषण हवाई हमले में 100 से अधिक बंदियों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
2023 : कांगो के गोमा शहर में एक धार्मिक सम्प्रदाय के प्रदर्शनकारियों पर सशस्त्र बलों की कार्रवाई में 43 लोगों की मौत।
2024 : कैरेबियाई देश डोमिनिकन गणराज्य में एक ट्रक के बार में घुस जाने से 11 लोगों की मौत।
2025 : पूर्वी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंप में 1400 से अधिक लोगों की मौत, 2,500 से अधिक घायल, कई गांव तबाह।