Demolition work begins on Patna's General Hospital building, visited by Mahatma Gandhi in 1947
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) परिसर में स्थित ऐतिहासिक पुराने जनरल अस्पताल भवन के प्रसिद्ध ‘हथवा वार्ड’ को सोमवार को बुलडोजर से गिराने का काम शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही 120 साल से अधिक पुरानी इस ऐतिहासिक इमारत को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महात्मा गांधी ने मई 1947 में इस भवन का दौरा किया था।
पिछले कुछ वर्षों से ‘पीएमसीएच एलुमनाई एसोसिएशन’, विरासत प्रेमियों, गांधीवादी और कई जाने-माने डॉक्टर बिहार सरकार से प्रतिष्ठित पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल भवन तथा परिसर की कुछ अन्य ऐतिहासिक इमारतों को ध्वस्त नहीं करने और इन इमारतों को संस्थान के ‘‘गौरवशाली अतीत की यादों’’ के रूप में संरक्षित किए जाने की अपील कर रहे थे।
पीएमसीएच की पुरानी इमारतों को चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया जा रहा है। यह संस्थान 101 साल से भी पहले तत्कालीन बिहार और उड़ीसा के पहले मेडिकल कॉलेज के रूप में स्थापित हुआ था। राजधानी के बीचों-बीच गंगा किनारे स्थित इसके विशाल परिसर में अब इनकी जगह आधुनिक और ऊंची इमारतें बनाई जा रही हैं।
इस संस्थान की स्थापना 1925 में मूल रूप से ‘प्रिंस ऑफ वेल्स मेडिकल कॉलेज’ के नाम से हुई थी। इसका नामकरण तत्कालीन प्रिंस ऑफ वेल्स (बाद में महाराजा एडवर्ड अष्टम) की दिसंबर 1921 में पटना यात्रा की स्मृति में किया गया था। भारत की आजादी के कुछ दशकों बाद इसका नाम बदलकर पीएमसीएच कर दिया गया।