आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा रक्षा और क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे।
सिंह ने श्रीलंका रवाना होने से पहले कहा, ‘‘मैं इस यात्रा के दौरान श्रीलंका के नेतृत्व के साथ सार्थक बातचीत की उम्मीद करता हूं।’’
वह श्रीलंका में भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
सिंह ने कहा, ‘‘हमारी दीर्घकालिक साझेदारी और गहरे ऐतिहासिक एवं सभ्यतागत संबंधों के अलावा, श्रीलंका ‘पड़ोस पहले’ और ‘महासागर’ पहलों के तहत हमारे सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक है।’’
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अरुण जयसेकरा और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने सिंह की अगवानी की।
मंत्रालय ने कहा कि श्रीलंका की ओर से सिंह का गर्मजोशी से पारंपरिक स्वागत किया गया, जो दोनों देशों के बीच करीबी और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को दर्शाता है।