आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को 'सेवा संकल्प दिवस' मनाएगी। इसके तहत राज्य और देश के अन्य हिस्सों में महीने भर चलने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि केंद्र और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियों को पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर चलाए जाने वाले अभियानों के जरिए रेखांकित किया जाएगा।
भट्टाचार्य ने कहा कि 2047 तक 'विकसित भारत' का लक्ष्य हासिल करने के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के तौर पर हर घर में 'आशीर्वाद प्रदीप' प्रज्वलित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की पहल भी की जाएगी। साथ ही, आर्थिक सहायता कार्यक्रमों में शामिल महिलाओं की मदद के लिए इस दिन को 'अन्नपूर्णा दिवस' के रूप में भी मनाया जाएगा।
भट्टाचार्य ने कहा कि स्कूली छात्रों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण कार्यक्रम, रक्तदान शिविर और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।