भारत को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर विश्व नेताओं की शुभकामनाएं

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 15-08-2025
World leaders wish India on its 79th Independence Day
World leaders wish India on its 79th Independence Day

 

वाशिंगटन/सिंगापुर

भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पड़ोसी देशों और वैश्विक साझेदारों ने शुक्रवार को बधाई संदेश भेजकर शुभकामनाएं दीं।मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “भारत हमेशा मालदीव का भरोसेमंद विकास साझेदार रहा है।” उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय संपर्क और जनता के बीच बढ़ते रिश्ते हमारे मजबूत सहयोग को दर्शाते हैं।

अमेरिका की ओर से विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत को बधाई देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर आधुनिक समय की चुनौतियों का सामना करेंगे और दोनों देशों के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने नयी दिल्ली और वाशिंगटन के बीच ऐतिहासिक रिश्तों को “महत्वपूर्ण और दूरगामी” बताया।

सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने भी भारत को बधाई देते हुए कहा कि हाल ही में हुई मंत्रिस्तरीय बैठक ने द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती को और रेखांकित किया है। उन्होंने याद दिलाया कि इस वर्ष भारत और सिंगापुर राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

नेपाल के विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेपाल भारत के साथ अपनी दीर्घकालिक और स्थायी साझेदारी को बहुत महत्व देता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,“इस स्वतंत्रता दिवस पर हम भारत के लोगों की निरंतर समृद्धि की कामना करते हैं। भारत लोकतंत्र का एक उज्ज्वल उदाहरण बना रहे और दुनिया भर के देशों को प्रेरित करता रहे।”