रोनाल्डो छह विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-06-2026
Ronaldo became the first player to score in six World Cups
Ronaldo became the first player to score in six World Cups

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो छह विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

इस 41 वर्षीय खिलाड़ी ने मंगलवार को पुर्तगाल की उज्बेकिस्तान पर 5-0 की जीत में दो गोल करके यह उपलब्धि हासिल की।
 
रोनाल्डो ने छठे मिनट में ही इतिहास रच दिया था जब उन्होंने पहला गोल किया। इसके बाद उन्होंने 39वें मिनट में एक और गोल दागा। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
 
इस मैच में गोल करने से वह विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे आगे कैमरून के फॉरवर्ड रोजर मिला हैं, जिन्होंने 1994 में अमेरिका में खेले गए विश्व कप में 42 वर्ष की उम्र में गोल किया था।
 
रोनाल्डो और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी इस साल टूर्नामेंट में उतरते ही छह विश्व कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए थे। रोनाल्डो ने 2006 में पदार्पण करते हुए गोल किया था। उन्होंने 2010, 2014, 2018 और 2022 में भी गोल दागे।
 
मेस्सी भले ही उनके साथ सबसे अधिक विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड साझा करते हैं, लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका में 2010 में खेले गए विश्व कप में गोल नहीं कर पाए थे।
 
मेस्सी हालांकि अभी तक सभी विश्व कप में मिलाकर 18 गोल कर चुके हैं जो रिकॉर्ड है। रोनाल्डो के नाम पर विश्व कप में 10 गोल दर्ज हैं। रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 145 गोल हो गए हैं जो विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने सर्वाधिक 230 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं।
 
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने रोनाल्डो के पेशेवर रवैये और संयम की जमकर प्रशंसा की। कांगो के साथ 1-1 से ड्रॉ में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद रोनाल्डो की आलोचना हो रही थी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘वह भी एक इंसान है। उसकी भी अपनी भावनाएं हैं। उसे भी अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है। उसकी सबसे प्रभावशाली बात है उसका जवाब। चाहे वह कुछ भी महसूस करे, उसका जवाब होता है मैदान पर वापस लौटना, अभ्यास करना, मेहनत करना और खुद से बहुत अपेक्षाएं रखना। यही पेशेवर रवैया उसकी सफलता की कुंजी है।’’