भारतीय महिला स्क्वाश टीम हांगकांग से 1-2 से हारी, कांस्य पदक के साथ अभियान समाप्त

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-10-2026
Indian women's squash team loses 1-2 to Hong Kong, ends campaign with bronze medal
Indian women's squash team loses 1-2 to Hong Kong, ends campaign with bronze medal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तन्वी खन्ना ने शानदार वापसी करते हुए भारत की उम्मीदें जीवित रखीं लेकिन अनाहत सिंह की शुरुआती मुकाबले में हार निर्णायक साबित हुई और भारतीय महिला स्क्वाश टीम को बृहस्पतिवार को यहां एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में हांगकांग के खिलाफ 1-2 की शिकस्त के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

भारत का पदक पहले ही को पक्का हो चुका था और 18 वर्षीय अनाहत पर काफी जिम्मेदारी थी। भारत की नजरें पिछले हांगझोउ एशियाई खेलों के प्रदर्शन में सुधार पर थी। हालांकि विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज अनाहत ने चार मैच प्वाइंट गंवाए और दुनिया की 25वें नंबर की खिलाड़ी सिन युक चान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2-3 (11-9, 11-8, 6-11, 11-13, 10-12) से हार गईं।
 
इसके बाद दुनिया की 73वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी ने शानदार वापसी करते हुए दुनिया की 40वें नंबर की खिलाड़ी का यी ली को 3-1 (4-11, 13-11, 11-9, 13-11) से हराकर तीन मैच के मुकाबले में भारत को बराबरी दिलाई।
 
हालांकि अनुभवी जोशना चिनप्पा को दुनिया की 39वें नंबर की खिलाड़ी हो जे लोक के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा जिससे भारत ने मुकाबला गंवा दिया।