Ganesh reached the semi-finals, Chikita lost in the quarter-finals of the individual compound
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय तीरंदाज गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई खेलों की पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जबकि चिकिता तनीपार्थी महिला व्यक्तिगत कंपाउंड के क्वार्टर फाइनल में हारकर पदकों की हैट्रिक से चूक गईं।
बुधवार को स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा रहे गणेश ने यहां ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पज स्क्वायर में चीनी ताइपे के चीह लुन चेन को 148-138 से हराया।
गणेश ने सभी पांच सीरीज में जीत दर्ज की। उनका स्कोर 29-28, 29-28, 30-29, 30-26, 30-27 रहा।
उन्होंने शुरुआती दो सीरीज में केवल दो बार नौ अंक का निशाना लगाया जिसके बाद लगातार 10 अंक के निशाने साधे।
चिकिता ने बुधवार को महिला टीम और मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। हालांकि अंतिम आठ के मुकाबले में उन्हें इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरीफाह के हाथों 143-144 (29-30, 29-30, 29-29, 29-26, 27-27) से हार का सामना करना पड़ा।