राजीव नारायण
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा व्यापार, ऊर्जा और कूटनीति के मोर्चे पर उम्मीद जगाने वाले संकेत देती है। लेकिन असली परीक्षा इस बात की है कि नई दिल्ली मोलभाव में क्या हासिल करती है, वाशिंगटन को क्या मिलता है और क्या यह अंतिम समझौता दोनों देशों के हितों के अनुकूल है।
दोनों देशों के बीच जो व्यापार समझौता महीनों से लगभग हाथ आते-आते रह जाता था, वह अब मुकाम के बेहद करीब नज़र आ रहा है। रुबियो का कहना है कि दोनों देश इसे अंतिम रूप देने से "महीनों नहीं, बस कुछ हफ्ते" दूर हैं और 99प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
यह बात उत्साह बढ़ाने वाली है। लेकिन इस आशावाद के पीछे एक बड़ा सवाल भी है: हर देश को इससे क्या मिलेगा, उसे क्या छोड़ना पड़ेगा, और भारत यह कैसे पक्का करेगा कि यह अंतिम समझौता उसके अपने राष्ट्रीय हितों की सेवा करता है?
भारत-अमेरिका संबंधों ने टैरिफ के झटकों, रूसी तेल को लेकर मतभेदों, आव्रजन (इमिग्रेशन) पर तनाव और पिछले साल के भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव को खत्म कराने में अपनी भूमिका को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के असर को झेला है। एक व्यापार समझौता इन तमाम मतभेदों को रातों-रात नहीं मिटा देगा, लेकिन यह एक अहम आर्थिक रिश्ते को ज़्यादा स्थायित्व और स्पष्टता ज़रूर दे सकता है।
रुबियो ने टैरिफ के मुद्दे पर कड़वाहट कम करने की कोशिश करते हुए कहा है कि इनका मकसद भारत को नुकसान पहुंचाना नहीं था। अमेरिकी प्रशासन ने रूसी तेल की खरीद से जुड़े संभावित अतिरिक्त टैरिफ को टालकर तनाव की एक तात्कालिक वजह को शांत कर दिया है। साफ है कि कूटनीतिक माहौल में अब सुधार आ रहा है।
भारत को इस मौके का फायदा उठाकर समझौते को अंतिम रूप देना चाहिए। लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में बारीकियों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। कोई भी समझौता सिर्फ इसलिए कीमती नहीं बन जाता कि दो सरकारें उसका ऐलान कर देती हैं, बल्कि उसकी असली कीमत इस बात में है कि कारोबारी उसके हिसाब से आगे की योजनाएं बना सकें, निर्यातकों को बाज़ार तक सार्थक पहुँच मिले और दोनों पक्षों की शर्तें व्यापारिक लिहाज़ से व्यावहारिक हों। भले ही समझौते के बचे हुए हिस्से तकनीकी लगें, लेकिन अक्सर किसी भी करार का असली सार इन्हीं बारीकियों में छुपा होता है।
उम्मीद जगाने वाला संकेत
रुबियो ने एक ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर भी सकारात्मक रुख दिखाया जो असहज करने वाला बन सकता था। भारत में प्रदर्शनों से निपटने के तरीके पर संयुक्त राष्ट्र की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने "यूएन विशेषज्ञों" शब्द पर ही सवाल उठाते हुए इसे विरोधाभासी बताया और प्रदर्शनों पर खुद कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने इसे भारत का आंतरिक राजनीतिक मामला करार दिया।
नई दिल्ली एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी के इस रुख का स्वागत करेगी, जिन्होंने एक द्विपक्षीय दौरे को भारत की अंदरूनी राजनीति पर भाषण देने का जरिया नहीं बनने दिया। फिर भी, इसके महत्व को ज़रूरत से ज़्यादा आंकने की ज़रूरत नहीं है।
रुबियो सिर्फ अपने प्रशासन का रुख रख रहे थे, न कि भारतीय अधिकारियों के हर कदम पर अपनी मुहर लगा रहे थे। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों पर सवाल उठाने और भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी न करने के बीच उन्होंने जो फर्क बनाया, वह ध्यान देने योग्य है।
यहाँ एक बड़ा सबक भी छिपा है। परिपक्व साझेदारियाँ मतभेदों की गुंजाइश देती हैं और हर असहमति को कूटनीतिक टकराव में नहीं बदलतीं। भारत को अपने लोकतंत्र को साबित करने के लिए किसी बाहरी थपकी की ज़रूरत नहीं है; और न ही उसे वाशिंगटन की हर मददगार टिप्पणी को रणनीतिक तालमेल के सबूत के तौर पर देखने की ज़रूरत है। यह रिश्ता इतना अहम है कि इसमें न तो बेवजह के शक की गुंजाइश है और न ही अति-उत्साह की।
तेल के खेल को समझें
रुबियो के दौरे का सबसे दिलचस्प पड़ाव जामनगर का उनका दौरा हो सकता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के विशाल रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स में उन्होंने भारत की तारीफ करते हुए उसे "रिफाइनिंग सुपरपावर" कहा। यह सिर्फ एक औद्योगिक क्षमता की लफ़्फ़ाज़ी भरी तारीफ नहीं थी। यह एक ऐसे व्यापारिक और रणनीतिक अवसर की ओर इशारा था जिसे अमेरिका आगे बढ़ाना चाहता है।
जामनगर में भारी मात्रा में कच्चे तेल को साफ करने की क्षमता है, जिसमें वह भारी क्रूड भी शामिल है जिसे दूसरी रिफाइनरियाँ आसानी से प्रोसेस नहीं कर पातीं। अमेरिका चाहता है कि भारत वेनेजुएला के कच्चे तेल की ज़्यादा प्रोसेसिंग करे और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाए। जब वैश्विक ईंधन आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है और डीजल की कीमतें चिंता का सबब हैं, ऐसे में भारत की रिफाइनिंग क्षमता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद खास बन चुकी है।
भारत की शीर्ष कॉरपोरेट हस्तियों के साथ रुबियो की मुलाकात इस यात्रा के व्यापारिक पहलू को उजागर करती है। इन बैठकों में मीडिया को दूर रखा गया था और इनमें हुई बातचीत का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसका मतलब यह नहीं कि हम मनगढ़ंत बातें गढ़ें या बंद कमरे की बैठकों को शक की निगाह से देखें। लेकिन इनके महत्व को नज़रअंदाज़ भी नहीं किया जाना चाहिए। अमेरिका भारत में व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति, तकनीक की बिक्री और निवेश के मौकों की तलाश में है। उसकी कूटनीति के पीछे एक बड़ा हिस्सा व्यापारिक कूटनीति का भी है।
भारत को भी इन मौकों को इसी नज़रिए से देखना चाहिए: जहाँ अमेरिकी मांग भारत की क्षमताओं से मिलती हो, वहाँ ऐसे समझौते किए जाएं जो देश के भीतर आर्थिक मूल्य पैदा करें। ऊर्जा के स्रोतों में विविधता लाने से हमारी सुरक्षा बेहतर हो सकती है, लेकिन एक निर्भरता को हटाकर दूसरी निर्भरता मोल लेना उस मकसद को ही खत्म कर देगा। कीमत, निरंतरता, रिफाइनिंग का गणित और सप्लायर चुनने की आज़ादी,भारत के फैसलों में हमेशा केंद्र में होनी चाहिए।
VIDEO | Delhi: MEA Secretary (West) Sibi George on India-Poland economic ties, says, "You know, we have noted the recent growth in Poland and the economic progress it has made. The Prime Minister of India has congratulated the Prime Minister of Poland for its becoming a $1 trillion economy recently. We appreciate it and it is also of interest to us that you are growing, India is growing. India is growing, the last recorded growth was 7.8% in the quarter, which is a significant growth in these challenging times. So, being two countries which are growing well, whose economy is doing very well, there is huge opportunity for us to work together and that is exactly what we plan to do. The fact that the Prime Minister is accompanied by a large business delegation shows the interest the business community has in building this relationship. And also, as you are aware, we have now finalised our India-EU FTA, which will be implemented very shortly and which would again give a framework for the businesses to come together, engage well and fully utilise this framework which is being put in place." (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) October 22, 2026
शिष्टाचार और मकसद
रुबियो की बैठकें दिल्ली के बजाय मुंबई में आयोजित किए जाने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हुई हैं। लेकिन भारत ने पहले भी दूसरे शहरों में विदेशी मेहमानों की अगवानी की है। सिर्फ बैठक की जगह से प्रोटोकॉल टूटने का दावा नहीं किया जा सकता।
असली सवाल तो इस यात्रा के सार और मकसद से जुड़ा है। कूटनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों से मुलाकात और दुनिया के सबसे बड़े रिफाइनिंग परिसरों में से एक का दौरा करना कोई रहस्यमयी बात नहीं है: आज रणनीतिक रिश्तों में ऊर्जा और व्यापार सबसे अहम स्तंभ बन चुके हैं।
इसका मतलब यह नहीं है कि भारत को अमेरिका की हर बात मान लेनी चाहिए। इसका मतलब यह है कि उन गुज़ारिशों में फर्क समझा जाए जिन्हें मानना आसान है और उन मांगों में जो हमारे हितों से समझौता करा सकती हैं।
जब बात किसी गंभीर समझौते को आगे बढ़ाने की हो, तो बैठक की जगह या समय में थोड़ी-बहुत छूट देना कोई बड़ी कीमत नहीं है। लेकिन बाज़ार तक पहुँच, ऊर्जा सुरक्षा या रणनीतिक संप्रभुता को प्रभावित करने वाली रियायतें बिल्कुल अलग बात हैं।
भारत की शर्तें
मौजूदा भू-राजनीतिक हालात इस पूरे गणित को और भी अहम बना देते हैं। अमेरिका ने भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद पर दबाव बनाया है, फिर भी रूसी ऊर्जा और टैरिफ पर वाशिंगटन के अपने हालिया फैसले दिखाते हैं कि कैसे व्यापारिक दबाव नीतियों का रुख बदल देते हैं। यह कोई दोहरापन ही हो, ऐसा ज़रूरी नहीं; देश अक्सर अपने अलग-अलग हितों के बीच तालमेल बिठाते ही हैं। लेकिन यह याद दिलाने के लिए काफी है कि राजनीतिक बयानबाज़ी और आर्थिक फैसले हमेशा एक ही राह पर नहीं चलते।
भारत, जो अपनी ज़रूरत का ज़्यादातर कच्चा तेल बाहर से मंगवाता है, लागत, आपूर्ति की सुरक्षा और घरेलू ईंधन की कीमतों पर पड़ने वाले असर को नज़रअंदाज़ करके रातों-रात अपना ऊर्जा चक्र नहीं बदल सकता। भारत को जहाँ समझदारी लगे वहाँ विविधता लानी चाहिए,जिसमें अमेरिका के साथ ऊर्जा व्यापार बढ़ाना भी शामिल है—लेकिन अपनी ज़रूरतों के आधार पर फैसले लेने का हक़ कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
यही सिद्धांत व्यापार समझौते पर भी लागू होना चाहिए। भारत को अमेरिकी बाज़ार तक पहुँच, निवेश, तकनीक और एक स्थिर व्यापारिक रिश्ते की दरकार है। वहीं अमेरिका चाहता है कि भारत में उसकी ऊर्जा और तकनीक की बिक्री बढ़े, निवेश के रास्ते खुलें और उसके कारोबारियों को नए मौके मिलें। यहाँ दोनों पक्षों के पास मोलभाव करने की पूरी गुंजाइश है।
रुबियो के दौरे ने उम्मीद जगाने वाले शब्द दिए हैं और नए रास्ते खोले हैं। तस्वीरें, तारीफें और कूटनीतिक शिष्टाचार अपनी जगह अच्छे हैं, लेकिन वे सफलता का पैमाना नहीं हैं। असली सफलता तब आंकी जाएगी जब समझौते पर दस्तखत होंगे, उसकी शर्तें साफ होंगी और भारतीय कारोबारियों व कामगारों को ज़मीन पर उसका फायदा दिखेगा।
भारत को न तो अमेरिकी आत्मीयता को निस्वार्थ भाव समझना चाहिए और न ही अमेरिकी दबाव से घबराकर पीछे हटना चाहिए। भारत को तेज़ी से कदम बढ़ाने चाहिए, मज़बूती से मोलभाव करना चाहिए और सहयोग के लिए रास्ते खुले रखने चाहिए। कसौटी बिल्कुल साफ है: क्या यह समझौता कूटनीति के किए गए वादों से ज़्यादा ज़मीन पर डिलिवर कर पाता है या नहीं।

ALSO READ भारत की आर्थिक उड़ान को अब मजबूत पंखों की जरूरत