आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर बृहस्पतिवार को राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ‘‘एक जनपद, एक माफिया’’ का मॉडल तैयार किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपराधियों तथा सत्ता के बीच गठजोड़ का खामियाजा दलितों, पीड़ितों और शोषितों को भुगतना पड़ रहा है।
पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में हर दिन औसतन नौ हत्याएं, 10 हत्या के प्रयास, नौ बलात्कार, 33 अपहरण और करीब 235 हिंसक अपराध हो रहे हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हाल के दिनों में उच्चतम न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली को लेकर ‘‘बेहद सख्त’’ टिप्पणियां की हैं।
गौतम ने दावा किया कि अदालत की टिप्पणियों में उत्तर प्रदेश में ‘‘भाजपा राज में जारी अराजकता’’ का जिक्र किया गया है और यहां तक कहा गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस को भंग कर देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा राज में अपराधियों और सत्ता के बीच का गठजोड़ दलितों, पीड़ितों और शोषितों के खिलाफ है तथा रसूखदारों के लिए काम करता है।’’
कांग्रेस नेता अभय दुबे ने आरोप लगाया कि योगी सरकार ने अपराधियों को इतना संरक्षण दिया है कि वे ‘‘खुलेआम जनता को परेशान’’ करने लगे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार जैसे अपराध चरम पर हैं। यहां बेटियों पर सबसे ज्यादा एसिड अटैक हो रहे हैं।’’