आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की, जिन्होंने ‘फ्लाईदुबई’ के एक विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कथित कोशिश को नाकाम करके एक बड़ा हादसा टाल दिया।
विहिप ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने और बहुत ज्यादा खून बहने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और 170 से अधिक लोगों की जान बचाई।
दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की एफजेड1073 उड़ान ने आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। हालांकि, बाद में विमान को तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। इसमें 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ‘‘मच्छार ने 33,000 फुट की ऊंचाई पर अपनी जान जोखिम में डाली। घायल और लहूलुहान होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी, जिससे 170 से अधिक लोगों की जान बच सकी।’’
बंसल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक हिंदू पायलट ने जमीन से 33,000 फुट की ऊंचाई पर अपनी जान जोखिम में डाली, खून से लथपथ होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और इतनी सारी जिंदगियां बचाकर मानवता के दुश्मनों को सबक सिखाया।’’