आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश कर रहे सह-पायलट का मुकाबला करते हुए उसके चाकू से घायल होने के बावजूद कई लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की बृहस्पतिवार को मुंबई में उनके बचपन के दोस्त, पड़ोसियों और नेताओं ने सराहना की।
मच्छार के बचपन के दोस्त और कुछ साल पहले तक मुंबई में जिस इमारत में वह रहते थे, वहां के उनके पड़ोसियों ने पायलट को नायक बताते हुए बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने सऊदी अरब के एक अस्पताल में उपचार करा रहे पायलट के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत देश-विदेश के कई नेताओं ने मच्छार की बहादुरी की सराहना की है।
मच्छर के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी ने कहा कि छोटी उम्र में भी वह विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ का परिचय देता था।
गांधी ने कहा, ‘‘वह पहले दिन से ही बहुत शांत और संयमित था। हमारी हाउसिंग सोसाइटी में वह सबसे सुलझा हुआ बच्चा था।’’