आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद रियासतों के भारतीय संघ में विलय में असाधारण जिम्मेदारी निभाई और एक मजबूत एवं एकीकृत ‘एक भारत’ की नींव रखी।
उप राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘केवल पटेल के कारण ‘एक भारत’, हमेशा ‘एक भारत’ बना रहेगा।’’
उन्होंने यहां केंद्र सरकार द्वारा आयोजित हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह में कहा कि पटेल के योगदान को राष्ट्रीय एकीकरण के व्यापक संदर्भ में समझा जाना चाहिए। यह समारोह 17 सितंबर 1948 को तत्कालीन हैदराबाद रियासत के भारतीय संघ में विलय की स्मृति में आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि उस समय हैदराबाद का मामला सबसे पेचीदा था और जब बातचीत विफल हो गई, तो भारत सरकार ने 13 सितंबर 1948 को ‘ऑपरेशन पोलो’ शुरू किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर 1948 को निजाम की सेनाओं के आत्मसमर्पण के साथ यह अभियान समाप्त हुआ।