Modi's 25 years as an elected representative symbolises welfare of the poor, laying the foundation for India's development: Shah
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन के 25 वर्षों को गरीबों के कल्याण और भारत की समृद्धि की नींव रखने वाले कालखंड के रूप में देखा जाना चाहिए।
शाह ने गुजरात के वडनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्घाटन करने और वाराणसी के लिए एक मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर मोदी के जीवन के 25 वर्षों को ‘‘इतिहास में गरीब कल्याण के वर्षों के रूप में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।’’
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे।
गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हो गए। उनके निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर सात अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और इसके बाद 2014 में प्रधानमंत्री बने।