Ten years after Brexit, political turmoil continues, with Britain preparing for its seventh prime minister.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आज से ठीक 10 वर्ष पहले जनमत संग्रह से ब्रिटेन के यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने का मार्ग प्रशस्त हुआ था। ब्रेक्जिट के उस ऐतिहासिक फैसले के प्रभाव आज भी दिखाई दे रहे हैं और देश एक दशक में अपने सातवें प्रधानमंत्री के लिए तैयारी कर रहा है।
केअर स्टॉर्मर ने अपनी लेबर पार्टी के सांसदों का विश्वास खोने के बाद प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और फिलहाल कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के चुनाव के लिए तीन सप्ताह की समय-सीमा निर्धारित की है।
हालांकि, मंगलवार तक की स्थिति के अनुसार, मेकरफील्ड से नव-निर्वाचित सांसद एंडी बर्नहैम के निर्विरोध चुने जाने की संभावना मजबूत दिख रही है, क्योंकि उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में पार्टी सदस्यों की बड़ी संख्या खड़ी है।
ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व महापौर एंडी बर्नहैम ने कहा, ‘‘स्टॉर्मर ने हमारे देश की बहुत बड़ी सेवा की है और मैं इस चुनौतीपूर्ण दौर में उनके नेतृत्व और समर्पण के लिए उनका धन्यवाद करना चाहता हूं।’’
बर्नहैम ने कहा, ‘‘उनका यह फैसला एक बदलाव की शुरुआत का संकेत है और यह महत्वपूर्ण है कि यह प्रक्रिया व्यवस्थित तथा जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से पूरी की जाए। मैं इस प्रक्रिया के तहत अपनी दावेदारी पेश करूंगा।’’
सोमवार को प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में स्टॉर्मर के भावुक संबोधन के तुरंत बाद बर्नहैम ने ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में सांसद के रूप में औपचारिक रूप से शपथ ली।
बर्नहैम इससे पहले पार्टी नेतृत्व के लिए दो बार चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार परिस्थितियां उनके पक्ष में दिखाई दे रही हैं। प्रधानमंत्री पद की दौड़ के एक अन्य प्रमुख संभावित दावेदार और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने भी बर्नहैम को अपना समर्थन दे दिया है।