एलएनजी, अन्य ईंधन की विभिन्न देशों से खरीद ने भारत को संकट से बचाया: एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-06-2026
LNG, other fuel purchases from various countries saved India from crisis: S&P Global Energy
LNG, other fuel purchases from various countries saved India from crisis: S&P Global Energy

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत ने एलएनजी एवं अन्य ईंधन की खरीद के लिए विभिन्न स्रोतों का इस्तेमाल किया जिससे उसे संकट से निपटने में मदद मिली। एस एंड पी ग्लोबल एनर्जी के विशेषज्ञों ने मंगलवार को यह बात कही।
 
विशेषज्ञों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आवाजाही बंद होने से वैश्विल एलएनजी आपूर्ति करीब 17 प्रतिशत बाधित हुई। हालांकि, विश्व के चौथे सबसे बड़े एलएनजी खरीदार भारत के ओमान, अमेरिका, नाइजीरिया और अंगोला को शामिल कर आपूर्ति स्रोतों का सफलतापूर्वक विस्तार करने से एलएनजी आयात पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा। इससे अप्रैल और मई, 2026 में सालाना आधार पर इसमें क्रमश: पांच प्रतिशत और दो प्रतिशत की ही कमी आई।
 
एसएंडपी की इकाई एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौते के साथ होर्मुज के दोबारा खुलने से ऊर्जा के प्रवाह में सुधार और बाजार की धारणा मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बाजार के सामान्य होने और रणनीतिक भंडार के स्तर को फिर से भरने में समय लगेगा।
 
विशेषज्ञों के अनुसार, ये घटनाक्रम बताता है कि विविधीकृत आपूर्ति श्रृंखला, मजबूत बुनियादी ढांचा और रणनीतिक स्रोत तक पहुंच महत्वपूर्ण हैं। खोज एवं उत्पादन बाजार, एलएनजी व्यापार एवं समुद्री लॉजिस्टिक के क्षेत्र में बदलती भू-राजनीतिक वास्तविकताओं के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता ही लंबे समय की ऊर्जा सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात बनकर उभरी है।
 
शोध और परामर्श सेवाएं देने वाली एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी ने कहा, ‘‘भारत के एलएनजी समेत ईंधन बाजार ने मजबूती दिखाया है। होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक एलएनजी आपूर्ति करीब 17 प्रतिशत बाधित हुई। हालांकि, विश्व के चौथे सबसे बड़े एलएनजी खरीदार भारत ने उल्लेखनीय मजबूती दिखाया।’’