All slum dwellers in Delhi to get rehabilitation benefits by January 2025: Chief Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में एक जनवरी 2025 तक स्थापित सभी पात्र झुग्गी बस्तियों के निवासियों को पुनर्वास का लाभ देने का फैसला किया है जिससे करीब 20 लाख लोगों के लिए पक्के आवास का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह फैसला गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) की 36वीं बोर्ड बैठक में लिया गया।
गुप्ता ने बताया, “बैठक में तय किया गया कि दिल्ली में एक जनवरी 2025 तक स्थापित सभी पात्र झुग्गी बस्तियों के निवासियों को पुनर्वास का लाभ दिया जाएगा। इस ऐतिहासिक निर्णय से राजधानी की जेजे बस्तियों में रहने वाले लगभग चार से पांच लाख परिवारों यानी करीब 20 लाख लोगों के लिए पक्के और सम्मानजनक आवास का मार्ग प्रशस्त होगा।”
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, यह निर्णय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हाल में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक और ‘दिल्ली स्लम एवं जेजे क्लस्टर पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति 2026’ के तहत लिए गए फैसलों के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय केवल मकान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा, “लंबे समय से पुरानी पात्रता तिथि के कारण बड़ी संख्या में परिवार पुनर्वास के लाभ से वंचित रह जाते थे। नई ‘कट-ऑफ’ तिथि तय होने से अब अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ मिल सकेगा।”