तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को दसवीं बार CM बनने पर दी बधाई, नई सरकार से उम्मीदें जताईं

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 20-11-2025
Tejashwi Yadav congratulated Nitish Kumar on becoming CM for the tenth time, expressed hope for the new government.
Tejashwi Yadav congratulated Nitish Kumar on becoming CM for the tenth time, expressed hope for the new government.

 

पटना

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने वादों और घोषणाओं को पूरा करेगी।

तेजस्वी यादव ने कहा, “नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद के सभी नए सदस्यों को भी शुभकामनाएं।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि नई सरकार बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक और गुणात्मक बदलाव लाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद शपथ लेने वाले 26 मंत्रियों में जदयू से विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी (विधान परिषद सदस्य), सुनील कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी और मोहम्मद जामा खान शामिल हैं।

भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, अरुण शंकर प्रसाद और डॉ. प्रमोद कुमार (विधान परिषद सदस्य) ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

इसके अलावा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संतोष सुमन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के दीपक प्रकाश और लोजपा (रामविलास) के संजय कुमार तथा संजय कुमार सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। गौरतलब है कि दीपक प्रकाश न तो विधायक हैं और न ही विधान परिषद के सदस्य।

तेजस्वी यादव ने शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के नेताओं की अनुपस्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार की जनता को उम्मीद है कि नई सरकार सभी वर्गों और समुदायों के विकास के लिए समर्पित होगी।