17 नवंबर : रीता फारिया ने भारत के लिए जीता पहला ‘मिस वर्ल्ड खिताब’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2025
November 17: Reita Faria wins India's first Miss World title
November 17: Reita Faria wins India's first Miss World title

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
नब्बे के दशक में भारत की सुंदरियों ने सौंदर्य जगत में जो धमाल मचाया था उसकी शुरुआत दरअसल 1966 में मुंबई की रीता फारिया ने की थी। वर्ष 1945 में जन्मी रीता भारतीय और एशियाई मूल की पहली महिला बनीं, जिन्होंने 1966 में मिस वर्ल्ड खिताब जीता। हालांकि उन्होंने सौंदर्य और ग्लैमर को अपना करियर नहीं बनाया और एक साल तक मॉ‌डलिंग करने के बाद अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की और इसी को अपना करियर भी बनाया।

लगभग दो दशक के बाद 1998 में रीता एक बार फिर फैशन की दुनिया में वापस लौटीं और उन्होंने 1998 में फेमिना मिस इंडिया की जज की भूमिका निभाई।
 
 
देश-दुनिया के इतिहास में 17 नवम्बर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1526 : मुगल शासक बाबर ने सिंध के रास्ते पांचवीं बार भारत में प्रवेश किया और इस बार यहां अपना शासन कायम करने में सफल रहा।
 
1869 : भूमध्यसागर को लाल सागर से जोड़ने वाली स्विज नहर को दस साल के निर्माण कार्य के बाद नौवहन के लिए खोला गया।
 
1915 : विष्णु गोपाल पिंगले को पुणे के निकट तालेगांव जेल में फांसी पर लटकाया गया।
 
1928 : लाला लाजपत राय का निधन।
 
1932 : तीसरा गोल मेज सम्मेलन शुरू हुआ।
 
1966 : भारत की रीता फारिया ने मिस वर्ल्ड खिताब जीता। वह यह खिताब जीतने वाली एशिया की पहली महिला बनीं।
 
1966 : सोवियत संघ ने अपना एक मानवरहित सुदूर नियंत्रित यान चंद्रमा की सतह पर उतारा।
 
1989 : चेकोस्लोवाकिया में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को पुलिस ने बेदर्दी से कुचला। हालांकि विरोध की इस आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और अंतत: देश की कम्युनिस्ट सरकार को इस्तीफा देना पड़ा।
 
1997: मिस्र के उग्रवादियों ने लक्सर में टेंपल ऑफ हत्शेप्सुत देखने आए विदेशी पर्यटकों पर हमला किया जिसमें 60 से ज्यादा लोगों की मौत हुई।
 
2008 : वैम्पायर के प्रेम पर आधारित स्टेफनी मियर के प्रसिद्ध उपन्यास श्रृंखला ट्वालाइट सागा पर बनी पहली फिल्म का लास एंजिल्स में प्रीमियर। इस श्रृंखला की फिल्मों को दुनियाभर में बेहद लोकप्रियता मिली।
 
2019 : बांग्लादेश में गैस पाइपलाइन में विस्फोट, सात की मौत। इसी दिन श्रीलंका में गृहयुद्ध के दौरान विवादास्पद रक्षा सचिव रहे गोटबाया राजपक्षे ने राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में जीत दर्ज की।
 
2020 : प्रख्यात समकालीन भारतीय कलाकार अंजुम सिंह का 53 वर्ष की उम्र में कैंसर से निधन।
 
2021 : मृत्युदंड की सजा सुनाए गए भारतीय कैदी कुलभूषण जाधव को सैन्य अदालत द्वारा उनकी दोषसिद्धि के खिलाफ समीक्षा अपील दायर करने का अधिकार देने के लिए पाकिस्तान की संसद ने अपनी संयुक्त बैठक में एक कानून बनाया।
 
2022 : म्यांमा के म्यावाडी इलाके में अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोह द्वारा दिए गए नौकरी के झांसे में फंसे 38 भारतीय स्वदेश वापस।
 
2023 : पद्मभूषण से सम्मानित मशहूर कला इतिहासकार बीएन गोस्वामी का 90 साल की उम्र में चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में निधन।
 
2024 : नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजधानी अबुजा में देश के दूसरे सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित किया। मोदी यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति हैं।