आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय लंदन का छह दिवसीय आधिकारिक दौरा पूरा करने के बाद बृहस्पतिवार को चेन्नई लौट आए।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का उद्देश्य वैश्विक निवेश आकर्षित करना और राज्य में औद्योगिक विकास को गति देना था। मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के लिए एक राज्य प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। 10 सितंबर की रात ब्रिटेन के लिए रवाना हुए विजय ने तमिलनाडु को उन्नत विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने के वास्ते निवेशकों के साथ बातचीत की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ब्रिटेन यात्रा के दौरान 15,300 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव हासिल हुए और राज्य में विश्वस्तरीय मोटर स्पोर्ट्स सिटी स्थापित करने की दिशा में आधार तैयार किया गया।
ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी ने 12 सितंबर 2026 को लंदन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। दोनों ने व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के तहत उभरते व्यापार अवसरों और साझेदारियों पर चर्चा की।
तमिलनाडु में मोटर स्पोर्ट्स सिटी बनाने के लिए तीन सितंबर, 2026 को राज्य विधानसभा में नियम 110 के तहत की गई घोषणा को पूरा करते हुए, मुख्यमंत्री ने मशहूर सिल्वरस्टोन मोटर रेसिंग सर्किट का दौरा किया।
उन्होंने रेस कंट्रोल, ट्रैक सुविधाओं, रेस म्यूजियम तथा लंबी दूरी की रेसिंग के लिए सुरक्षा और संचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने सिल्वरस्टोन में आयोजित 2026 ‘मिशेलिन ले मैंस कप’ रेस को भी हरी झंडी दिखाई, जिसमें अभिनेता और रेसिंग ड्राइवर अजीत कुमार ने हिस्सा लिया।