आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत में वरिष्ठ नेतृत्व का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और 94 प्रतिशत अधिकारी नए अवसर तलाशने के लिए तैयार हैं। इसका प्रमुख कारण करियर में तेजी से आगे बढ़ने की आकांक्षा है।
माइकल पेज इंडिया का हिस्सा पेज एग्जीक्यूटिव इंडिया की ‘एग्जीक्यूटिव कंपनसेशन एंड टैलेंट ट्रेंड्स’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वरिष्ठ नेतृत्व का परिदृश्य लगातार अधिक गतिशील हो रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया कि देश में 1,200 से अधिक वरिष्ठ पदों पर कार्यरत अधिकारियों के सर्वेक्षण पर आधारित अध्ययन के अनुसार, अधिकारी करियर में तेजी से आगे बढ़ने, व्यापक जिम्मेदारियां संभालने और अधिक प्रभाव डालने के अवसर तलाश रहे हैं। वहीं, संगठनों पर इन आकांक्षाओं के साथ कदम मिलाने का दबाव बढ़ रहा है।
पेज एग्जीक्यूटिव इंडिया के अध्ययन के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल लोगों में से 94 प्रतिशत वरिष्ठ नए अवसरों के लिए तैयार हैं जबकि 63 प्रतिशत सक्रिय रूप से नई भूमिका की तलाश कर रहे हैं। वहीं, 41 प्रतिशत को उम्मीद नहीं है कि वे एक साल से अधिक समय तक अपनी मौजूदा भूमिका में बने रहेंगे।