आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपनी फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज से कुछ दिन पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से शिष्टाचार भेंट की।
दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं और अभिनेता से नेता बने मुख्यमंत्री की प्रशंसा की।
फिल्म ‘वारिसु’ में जोसेफ विजय के साथ मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाने वाली रश्मिका ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा कीं।
रश्मिका ने लिखा, ‘‘काफी लंबे समय बाद मैं विजय सर से मिलने गई।’’
अभिनेत्री ने कहा, ‘‘जितना मुझे याद है, उससे भी लंबे समय से उनकी प्रशंसक रहने, उनके साथ काम करने का मौका मिलने और अब मुख्यमंत्री के रूप में उनके काम की सराहना करने तक का उनका सफर असाधारण है।’’
वहीं, देवरकोंडा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रिय थलपति विजय सर के साथ बेहद खूबसूरत समय बिताया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिन भर व्यस्त रहने के बावजूद उन्होंने हमारा बेहद प्यार से स्वागत किया और जीवन, काम तथा दुनिया के बारे में अपने निजी अनुभव साझा किए। एक ही मुलाकात में सर मेरे पसंदीदा बन गए हैं। अगली मुलाकात तक, मेरा प्यार और सम्मान।’’
‘रणबाली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस साल की शुरुआत में शादी के बाद यह पहली फिल्म है, जिसमें देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे।