आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शहरों को कचरा मुक्त बनाने के प्रयासों के तहत कचरे से संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) बनाने की परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए कार्यबल गठित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।
फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित एक बैठक में प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य की सीबीजी नीति के अनुरूप उपयुक्त स्थानों पर बायोगैस संयंत्र स्थापित किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की योजना बनाते समय पैदा होने वाले कचरे की मात्रा, जमीन की उपलब्धता, तकनीक की उपयुक्तता और गैस पाइपलाइन से दूरी को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों, तेल कंपनियों और स्थानीय निकायों को मिलकर परियोजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से नगर निगमों को कचरा संग्रहण पर होने वाले खर्च में कमी लाने में मदद मिलेगी और शहरों को कचरा मुक्त बनाने के प्रयासों को बल मिलेगा।