13 अक्टूबर : फिल्म जगत के बहुआयामी कलाकार किशोर कुमार का निधन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2026
October 13: Multifaceted film actor Kishore Kumar passes away
October 13: Multifaceted film actor Kishore Kumar passes away

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रुपहले पर्दे पर चमकने वाले सितारों की बात करें, तो इनमें किशोर कुमार की पहचान सबसे चमकदार सितारों में से एक के तौर पर होती है। शानदार अभिनेता, सुरीले गायक, उम्दा निर्माता-निर्देशक, कुशल पटकथा लेखक और बेहतरीन संगीतकार के तौर पर किशोर को एक संपूर्ण कलाकार कहा जा सकता है।
 
चाहे दर्द भरे गीत हों या रूमानियत से भरे प्रेमगीत, हुल्लड़ वाले जोशीले नगमे हों या संजीदा गाने, उनकी आवाज ने हर तरह के गीतों को यादगार बना दिया। उन्होंने हिंदी के अलावा और भी बहुत सी भाषाओं में गीत गाए। उनके अभिनय और निर्देशन को भी काफी सराहना मिली। हास्य अभिनय में किशोर कुमार अनूठे और बेजोड़ थे। इस महान कलाकार ने 13 अक्टूबर 1987 को इस दुनिया को अलविदा कहा था।
 
देश-दुनिया के इतिहास में 13 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :-
 
1792 : व्हाइट हाउस की नींव रखी गई। निर्माण पूरा होने के बाद यह इमारत एक नवंबर 1800 से अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास है।
 
1911 : स्वामी विवेकानंद की शिष्या मार्गेरेट एलिजाबेथ नोबेल का मात्र 43 वर्ष की आयु में निधन। उन्हें उनके गुरु ने सिस्टर निवेदिता का नाम दिया था। उन्होंने भारत में स्वामी विवेकानंद के विचारों के प्रसार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।
 
1943 : इटली ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
 
1976 : बोलिविया के दक्षिण में एक ‘बोइंग 707’ के दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहाइशी इलाके में गिरने से 100 से अधिक लोगों की मौत।
 
1987 : रुपहले पर्दे के सबसे चमकदार सितारों में शुमार किशोर कुमार का निधन।
 
1999 : अटल बिहारी वाजपेयी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।
 
2010 : चिली के अटाकामा रेगिस्तान में धंसी खान में फंसे 69 श्रमिकों को काफी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला गया।
 
2013 : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में एक पुल पर भगदड़ मचने से 109 लोगों की मौत।
 
2016 : एक छोटा निजी विमान ब्रिटिश कोलंबिया के केलोना से कैलगरी के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिससे उसमें सवार कनाडा के पूर्व उप-प्रधानमंत्री जिम प्रेंटिस सहित चार लोगों की मौत हो गई थी।
 
2020 : हेलंसिकी ओलंपिक 1952 में 400 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक जीतने वाले अमेरिकी धावक चार्ली मूरे का 91 साल की उम्र में निधन ।
 
2021 : इजराइल द्वारा बंधक बनाये गये 250 फलस्तीनी कैदियों ने अलग-अलग कोठरियों में रखे जाने के खिलाफ भूख हड़ताल शुरू की।
 
2022 : सीरिया में सीरियाई सैन्य बस में बम विस्फोट के बाद 18 सैनिकों की मौत हुई जबकि 27 अन्य घायल हुए।
 
2023 : इजराइल-हमास युद्ध के बीच इजराइली सेना ने दस लाख लोगों को गाजा क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया।
 
2024 : भारत की तान्या हेमंत ने ऑस्ट्रेलिया के बेनडिगो में संपन्न बेनडिगो इंटरनेशल चैलेंज में महिला एकल खिताब जीता।
 
2025 : गाजा संघर्षविराम समझौते के तहत हमास ने सभी 20 जीवित बंधकों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय संगठन ‘रेड क्रॉस’ के अधिकारियों को सौंप दिया। सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हमास के हमले के बाद इस युद्ध की शुरुआत हुई थी, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य को बंधक बना लिया गया था। इसी दिन दक्षिण अफ्रीका की राजधानी प्रिटोरिया से लगभग 400 किलोमीटर उत्तर में लुई ट्रिचर्ड शहर के पास बस दुर्घटना में 42 लोगों की मौत हो गई।