Pilot Smit Machhar, praised for his bravery, is wished a speedy recovery by neighbours.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार के पड़ोसियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें मच्छार पर गर्व है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
कैप्टन मच्छार को उस सह-पायलट से मुकाबला करने के लिए नायक के रूप में सराहा जा रहा है, जिसने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। इस घटना ने दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनके इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मच्छार की सराहना की है।
पड़ोसियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले दुबई जाने से पहले मच्छार घाटकोपर इलाके के स्वास्तिक हाइट्स में अपने माता-पिता के साथ रहते थे।
मच्छार को 15 वर्ष से अधिक समय से जानने वाले पड़ोसी डॉ. जिनित शाह ने उन्हें दयालु और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि घायल पायलट के माता-पिता सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनका इलाज किया जा रहा है, ताकि वे उनके साथ रह सकें।