Gurugram man dupes Italian woman of 1,000 euros by pretending to love her; FIR lodged
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इटली की एक महिला ने गुरुग्राम साइबर पुलिस से शिकायत की है कि गुरुग्राम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर प्यार का झांसा देकर उससे 1,000 यूरो ठग लिए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने उससे शादी करने का झूठा इरादा जताया था और पैसे मिलने के बाद उससे सारे संपर्क तोड़ लिए।।
अधिकारी ने बताया कि इटली में दर्ज शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं होने से निराश महिला पाओला बर्तोलिनी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची और गुरुग्राम साइबर पुलिस से संपर्क किया।
बर्तोलिनी ने साइबर सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) गौरव फोगाट से मुलाकात की और उन्हें अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर पुलिस अधिकारियों से अपनी मुलाकात का विवरण भी साझा किया।
उन्होंने लिखा, ‘‘मैं एक अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी की शिकायत करने इटली से आई हूं। शिकायत में एक एनआरआई (अनिवासी भारतीय) खाते के साथ विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) का उल्लंघन, प्रेम संबंध का झांसा देकर ठगी करना, इंस्टाग्राम पर मादक पदार्थों का प्रचार और फर्जी ईमेल का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खातों को खाली करने का आरोप शामिल हैं। महिला ने दावा किया कि व्यक्ति गुरुग्राम में ही रहता है।’’
बर्तोलिनी ने कहा, ‘‘मैं एसीपी गौरव फोगाट से बात करने के बाद इटली से उड़ान भरकर गुरुग्राम साइबर थाने पहुंची। उन्होंने तुरंत मेरी मदद की और अपनी शानदार टीम को इसकी जानकारी दी। पूरी साइबर टीम बहुत पेशेवर और मददगार थी।’’