Netanyahu to attend UN General Assembly in New York despite calls for Mamdani's arrest
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी द्वारा इजराइली प्रधानमंत्री को युद्ध अपराधी बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग किए जाने के बावजूद बेंजामिन नेतन्याहू इस महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए 24 घंटे की बेहद व्यस्त यात्रा पर न्यूयॉर्क आएंगे।
संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री के पास इस यात्रा से पीछे हटने का ‘‘कोई विकल्प नहीं’’ है।
डैनन ने न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी पर ‘‘राजनीति करने’’ का आरोप लगाया। ममदानी ने नेतन्याहू को ‘‘युद्ध अपराधी’’ बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन बाद में उन्हें अपना यह आह्वान वापस लेना पड़ा क्योंकि न्यूयॉर्क शहर के पास नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं है।
डैनन ने कहा, ‘‘आप जानते हैं, इजराइल को दोषी ठहराकर राजनीति करना आजकल बहुत चलन में आ गया है।’’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रधानमंत्री यहां आएं।’’
ममदानी के कार्यालय ने मंगलवार को टिप्पणी के अनुरोध वाले संदेशों का तत्काल जवाब नहीं दिया। उन्होंने नवंबर 2024 में दुनिया की शीर्ष युद्ध अपराध अदालत अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया है। आईसीसी ने नेतन्याहू और एक अन्य इजराइली अधिकारी पर मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया है।