Nauradehi sanctuary in Madhya Pradesh will become the third home for cheetahs, cheetahs will be brought from Africa and released: Mohan Yadav
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधीसागर अभयारण्य के बाद नौरादेही अभयारण्य चीतों का तीसरा घर बनेगा।
यादव ने कहा कि अफ्रीका के नामीबिया से चीते लाकर नौरादेही अभयारण्य में छोड़े जाएंगे।
यादव ने नर्मदा नदी पर बने इंदिरा सागर बांध के 'बैकवॉटर' (बांध की दीवार से टकराकर लौटने वाले पानी) में छह मगरमच्छ छोड़े जिनमें चार मादा और दो नर शामिल हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना की।
अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रम के तहत छह मगरमच्छों को भोपाल के वन विहार से लाकर इस बांध के 'बैकवॉटर' में छोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार अलग-अलग वन्य जीवों को संरक्षित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा,‘‘चीता एक समय पूरे एशिया से गायब हो गया था। हमने कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधीसागर अभयारण्य में चीतों को बसाया है। कुछ समय बाद नौरादेही में एक और चीता अभयारण्य बनने वाला है। अफ्रीका के नामीबिया से चीते लाकर वहां (नौरादेही) भी छोड़े जाएंगे।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में घड़ियालों के संरक्षण का अभियान भी जारी है। उन्होंने बताया, ‘‘असम ने हमसे घड़ियाल मांगे हैं। हम असम तक अपने घड़ियाल पहुंचाने वाले हैं।’’