Many states celebrated their foundation day, President and Prime Minister extended their greetings.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, केरल और पंजाब समेत देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने शनिवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर राजनीतिक नेताओं ने देश की प्रगति में इन प्रदेशों के योगदान की सराहना की।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, लक्षद्वीप, दिल्ली और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का स्थापना दिवस भी एक नवंबर को है।
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश, केरल और लक्षद्वीप आज ही के दिन 1956 में अस्तित्व में आए थे। पंजाब और हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था, जबकि छत्तीसगढ़ का गठन 2000 में मध्यप्रदेश से अलग करके किया गया था।
वहीं, एक नवंबर 1956 को आज ही के दिन 69 वर्ष पहले भारतीय राज्यों के पुनर्गठन के बाद दिल्ली को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा प्राप्त हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर संबंधित राज्यों के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर वहां गए मोदी ने कहा, ‘‘प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह राज्य आज प्रगति के नित नए आयाम स्थापित करने में जुटा हुआ है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित यहां के कई क्षेत्र अब विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं।’’