आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ईटानगर में 50 वर्षीय एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर सामने आई उस वीडियो के संबंध में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें वह एक लड़की से छेड़छाड़ करने के साथ ही एक नाबालिग लड़के से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जुम्मर बसर ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को दो सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।
अरुणाचल प्रदेश महिला कल्याण सोसायटी (एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस) ने त्वरित गिरफ्तारी के लिए ईटानगर महिला पुलिस थाने की सराहना की और मामले की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस ने एक बयान में कहा, ‘‘हर बच्चे को हिंसा, दुर्व्यवहार और शोषण से मुक्त होकर जीने का मौलिक अधिकार है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’’
उसने प्रशासन से पीड़ितों के लिए उचित परामर्श, कानूनी सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।