आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र की महायुति सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर ‘100 प्रतिशत सकारात्मक’ है और उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति इसका मसौदा तैयार कर रही है।
राज्य के मंत्री योगेश कदम ने मंगलवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
वह भाजपा विधायक देवयानी फरांदे द्वारा मुस्लिम महिलाओं की तीन तलाक से जुड़ी समस्याओं पर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे।
फरांदे ने दावा किया कि पिछले डेढ़ महीने में तीन मुस्लिम महिलाएं मदद के लिए उनके पास आई थीं।
इस मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा और कई बार व्यवधान देखने को मिला। तीन तलाक और बहुविवाह जैसे विषयों पर सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई।
फरांदे ने कहा, ‘‘पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए, लेकिन पीड़ित महिलाओं को अभी तक पूरा न्याय नहीं मिला है। एक महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई, जबकि दूसरी महिला के पति ने उस पर हमला करने की कोशिश की।’’
गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि महायुति सरकार यूसीसी विधेयक लागू करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।