Karnataka Chief Minister DK Shivakumar's visit to Delhi sparks speculation about cabinet expansion
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की बुधवार की नयी दिल्ली यात्रा से यह अटकलें तेज़ हो गई हैं कि वह कांग्रेस आलाकमान के साथ अपने मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार पर चर्चा कर सकते हैं।
उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब मंत्रिमंडल में शामिल होने के इच्छुक नेता जोर-शोर से ‘लॉबिंग’ कर रहे हैं।
मीडिया के साथ साझा किए गए आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, शिवकुमार बुधवार शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
शिवकुमार के दिल्ली में रात भर रुकने की संभावना है, जबकि उनकी वापसी यात्रा फिलहाल अनिर्धारित है।
हालांकि उनकी यात्रा योजना में कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक का कोई उल्लेख नहीं है, लेकिन पार्टी सूत्रों का मानना है कि वह नेतृत्व से बातचीत करेंगे।
शिवकुमार ने सोमवार को कहा था कि जब कांग्रेस आलाकमान उन्हें मिलने का समय देगा, तब वह दिल्ली जाएंगे। इससे इस बात संकेत भी मिला कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उनकी तरफ से कोई देरी नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा था,‘‘जब भी वे (पार्टी आलाकमान) मुझे समय देंगे, मैं जाऊंगा। वे मुझे अगले तीन या चार दिनों में कोई तारीख देंगे। जैसे ही वे तारीख देंगे, मैं जाकर वापस आ जाऊंगा।’’
शिवकुमार ने तीन जून को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी । इससे पहले 28 मई को सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया था।
कर्नाटक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 पद हैं, जिनमें से 20 पद अब भी खाली हैं। शिवकुमार पर मंत्रिमंडल का विस्तार करने का दबाव बढ़ रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्री बनने के कई दावेदार हैं और पद सीमित हैं, इसलिए शिवकुमार के लिए यह स्थिति काफी मुश्किल भरी है; क्योंकि जो लोग मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनमें बड़े पैमाने पर नाराजगी फैलने का खतरा है।