अपराधियों को बिहार छोड़कर भागना होगा या जेल जाना होगा : सम्राट चौधरी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
Criminals will have to flee Bihar or go to jail: Samrat Chaudhary
Criminals will have to flee Bihar or go to jail: Samrat Chaudhary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि बिहार में कानून का राज कायम रहेगा और जाति तथा धर्म से ऊपर उठकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों को या तो राज्य छोड़कर भागना होगा या फिर जेल की सलाखों के पीछे जाना होगा।

भागलपुर में राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम सुशासन में विश्वास करते हैं। कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और जाति या धर्म की परवाह किए बिना अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्य में कानून का राज है। अपराधियों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। उन्हें या तो बिहार छोड़कर भागना होगा या भागलपुर जेल की सलाखों के पीछे जाना होगा।’’
 
चौधरी ने अपने इस बयान के जरिए परोक्ष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। यादव ने हाल में आरोप लगाया था कि पुलिस की कार्रवाई एक विशेष जाति के लोगों को निशाना बनाकर की जा रही है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध का बढ़ना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस साइबर अपराध में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।’’