13 जुलाई : आतंक की काली छाया ने फिर मुंबई को घेरा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-07-2026
July 13: The specter of terror once again engulfs Mumbai.
July 13: The specter of terror once again engulfs Mumbai.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 इतिहास में 13 जुलाई का दिन भारत में एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दरअसल यह जुलाई महीने में तीन दिन में दूसरा दुखद दिन है। 2006 में 11 जुलाई को लोकल ट्रेन में बम धमाके हुए थे और वर्ष 2011 में 13 जुलाई के दिन मुंबई के तीन इलाकों झावेरी बाजार, ओपेरा हाउस और दादर में बम धमाके हुए। इन धमाकों की सिहरन ने एक बार फिर देश की आर्थिक राजधानी को घेर लिया। इस हादसे में 26 लोगों की जान चली गई और 130 से अधिक लोग घायल हुए।

तेरह जुलाई 2021 को मध्यक्रम में अपनी जुझारू बल्लेबाजी के कारण भारतीय क्रिकेट में विशेष पहचान बनाने वाले और 1983 विश्व कप के नायक यशपाल शर्मा का 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
 
यशपाल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 37 टेस्ट मैचों में 1606 रन और 42 वनडे में 883 रन बनाये। वनडे की अपनी 40 पारियों में वह कभी शून्य पर आउट नहीं हुए। उन्होंने दोनों प्रारूपों में एक-एक विकेट भी लिया। उन्हें अपने जुझारूपन के लिये जाना जाता है। विश्व कप 1983 में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनकी अर्धशतकीय पारी क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा याद रहेगी।
 
देश-दुनिया के इतिहास में 13 जुलाई की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1645 : अलेक्सेई रोमानोव अपने पिता माइकल की जगह रूस के शासक बने।
 
1803 : राजा राम मोहन राय और एलेग्जेंडर डफ ने पांच छात्रों के साथ स्कॉटिश चर्च कॉलेज शुरू किया।
 
1882 : रूस में ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण 200 लोगों की मौत हो गई।
 
1923 : कैलिफोर्निया के शहर लॉस एंजिलिस में माउंट हिल्स के पास जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए प्रचार के मकसद से 'हॉलीवुड' लिखा गया।
 
1977 : देश की जनता पार्टी सरकार ने भारत रत्न सहित अन्य नागरिक सम्मान देना बंद कर दिया। इन्हें तीन साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू किया गया।
 
1998 : भारत के लिएंडर पेस ने ‘हॉल आफ़ फ़ेम’ टेनिस चैंपियनशिप में अपने जीवन का प्रथम ए.टी.पी. ख़िताब जीता।
 
2000 : फिजी में महेन्द्र चौधरी समेत 18 बंधक रिहा।
 
2004 : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साइबेरिया और देश के सुदूर पूर्ववर्ती इलाकों के विकास के लिए भारत से और मज़बूत संबंधों की इच्छा जताई।
 
2006 : परमाणु बम निर्माण संबंधी ईरान मसला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के हवाले।
 
2011 : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तिहरे बम धमाकों से दहल उठी।
 
2014 : जर्मनी ने एक्स्ट्रा टाइम के बाद अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फुटबॉल विश्वकप जीता।
 
2016 : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने पद से इस्तीफा दिया। थेरेसा मे बनीं प्रधानमंत्री।
 
2019 : सोमालिया के होटल में आतंकवादी हमले में 12 लोगों की मौत।
 
2021 : मध्यक्रम में अपनी जुझारू बल्लेबाजी के कारण भारतीय क्रिकेट में विशेष पहचान बनाने वाले और 1983 विश्व कप के नायक यशपाल शर्मा का 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन। इसी दिन इराक के अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में आग लगने से 92 लोगों की मौत।
 
2024 : उत्तर-मध्य नाइजीरिया में दो मंजिला स्कूल के ढहने से 22 छात्रों की मौत ।
 
2025 : गाजा में इजराइली हमलों में 32 लोग मारे गए।