15 जुलाई : शुभांशु शुक्ला आईएसएस पर 18 दिन के प्रवास के बाद पृथ्वी पर लौटे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
July 15: Shubhanshu Shukla returns to Earth after an 18-day stay on the ISS
July 15: Shubhanshu Shukla returns to Earth after an 18-day stay on the ISS

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 15 जुलाई 2025 की तारीख इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है जब भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन के प्रवास के बाद पृथ्वी पर लौट आए।
 
शुक्ला और निजी ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भारतीय समयानुसार अपराह्न 3:01 बजे कैलिफोर्निया के सैन डिएगो के निकट प्रशांत महासागर में उतरे। भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय हैं। इससे पहले राकेश शर्मा ने 1984 में सोवियत रूस मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा की थी।
 
शुक्ला ऐसे पहले भारतीय भी बन गए, जिन्होंने पृथ्वी की कक्षा में सबसे लंबे समय (20 दिन) तक रहकर अंतरिक्ष की यात्रा की।
 
देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को 15 जुलाई को ही देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान करने का ऐलान किया गया था। उन्हें यह सम्मान 1955 में प्रदान किया गया था।
 
वर्ष 1954 में शुरू किया गया यह सम्मान किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। जवाहरलाल नेहरू के बाद इंदिरा गांधी दूसरी ऐसी शख्सियत रहीं, जिन्हें प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
 
15 जुलाई 2023 को चेक गणराज्य की 24 वर्षीय खिलाड़ी मार्केटा वोंद्रोसोवा महिला एकल के फाइनल में ओन्स जाबेउर को सीधे सेटों में पराजित करके विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली सबसे कम रैंकिंग की और पहली गैर वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बन गई। वोंद्रोसोवा ने दोनों सेट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2022 की उपविजेता और छठी वरीयता प्राप्त जाबेउर को 6-4, 6-4 से हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया।
 
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले यह कल्पना करना भी मुश्किल था कि वोंद्रोसोवा चैंपियन बनेगी। असल में वह खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ ऑल इंग्लैंड क्लब में नहीं आई थी। लेकिन उनका यह दौरा यादगार बन गया और वह ग्रैंड स्लैम चैंपियन बनकर घर लौटीं।
 
15 जुलाई 2024 को स्टेशनरी ब्रांड कैमलिन के संस्थापक सुभाष दांडेकर का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दांडेकर ने जापान की कंपनी कोकुयो को अपना लोकप्रिय ब्रांड बेच दिया था और उसके बाद से वह कोकुयो कैमलिन के मानद चेयरमैन के रूप में काम कर रहे थे।
 
15 जुलाई 2025 को दिग्गज अभिनेता-निर्माता धीरज कुमार का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 1970 की फिल्म ‘रातों का राजा’ से शुरुआत करते हुए कई हिंदी और पंजाबी फिल्मों में अभिनय किया और मुख्य भूमिकाएं निभाईं। इसके बाद उन्होंने ‘रोटी कपड़ा और मकान’ (1974), ‘सरगम’ (1979) और ‘क्रांति’ (1981) जैसी फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभाईं।
 
पंजाबी सिनेमा में कुमार एक प्रमुख हस्ती थे और उन्होंने 1970 से 1984 के बीच 20 से ज़्यादा फिल्मों में अभिनय किया।
 
1986 में उन्होंने ‘क्रिएटिव आई लिमिटेड’ नामक एक प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की जिसने भारतीय टेलीविजन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कंपनी ने ‘ओम नमः शिवाय’ जैसे लोकप्रिय पौराणिक और पारिवारिक धारावाहिकों का निर्माण किया जो 1997 से 2001 तक दूरदर्शन नेशनल पर प्रसारित हुए। साथ ही उन्होंने ‘श्री गणेश’, ‘रिश्तों के भंवर में उलझी नियति’, ‘अदालत’ और ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’ का भी निर्माण किया था।
 
देश-दुनिया के इतिहास में 15 जुलाई की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
 
1904 : अमेरिका के लॉस एंजिलिस में पहला बौद्ध मंदिर बना।
 
1910 : एमिल क्रेपलिन ने एलॉइस अल्जाइमर के नाम पर अल्जाइमर बीमारी का नाम दिया।
 
1916 : दुनिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस कंपनियों में से एक, बोइंग की शुरूआत।
 
1926 : बॉम्बे (अब मुम्बई) में पहली मोटरबस सेवा की शुरुआत।
 
1955 : प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की।
 
1961 : स्पेन ने पुरुषों और महिलाओं के लिए समान अधिकारों को स्वीकार किया।
 
1968 : अमेरिका और तत्कालीन सोवियत संघ के बीच वाणिज्यिक विमान सेवा की शुरुआत।
 
1979 : भारत के प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने अपने पद से इस्तीफा दिया।
 
2000 : सिएरा लियोन में सैन्य कार्यवाही द्वारा सभी भारतीय सैनिक बंधक मुक्त।
 
2002 : अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल के हत्यारे उमर शेख को पाकिस्तानी अदालत ने मौत की सज़ा सुनाई।
 
2004 : माओवादियों से वार्ता में नेपाल के प्रधानमंत्री ने विदेशी मध्यस्थता मंजूर की।
 
2006 : माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर को आधिकारिक तौर पर 15 जुलाई 2006 को आम जनता के लिए लॉन्च किया गया था। 23 जुलाई 2023 से इसका नाम ‘एक्स’ कर दिया गया और इसका पक्षी वाला लोगो भी बदल दिया गया।
 
2018 : फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर दूसरी बार फुटबॉल विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
 
2019 : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की नीलम घाटी में बादल फटने की वजह से अचानक आयी बाढ़ में 23 लोगों की मौत ।
 
2020 : जायडस कैडिला ने कोविड-19 टीके का मनुष्यों पर परीक्षण शुरू किया।
 
2023 : चेक गणराज्य की 24 वर्षीय खिलाड़ी मार्केटा वोंद्रोसोवा महिला एकल के फाइनल में ओन्स जाबेउर को सीधे सेटों में पराजित करके विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली सबसे कम रैंकिंग की और पहली गैर वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बन गईं। इसी दिन उत्तर पूर्वी कांगो में संदिगध चरमपंथियों के हमले में 12 लोगों की मौत।
 
2024 : स्टेशनरी ब्रांड कैमलिन के संस्थापक सुभाष दांडेकर का 86 वर्ष की उम्र में निधन। इसी दिन के पी शर्मा ओली ने चौथी बार नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
 
2025 : शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन के प्रवास के बाद पृथ्वी पर लौटे। इसी दिन दिग्गज अभिनेता-निर्माता धीरज कुमार का 79 वर्ष की उम्र में निधन।