आईएमडी ने पुरी और ओडिशा के अन्य हिस्सों में भारी वर्षा का अनुमान जताया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
IMD forecasts heavy rainfall in Puri and other parts of Odisha
IMD forecasts heavy rainfall in Puri and other parts of Odisha

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण बुधवार को पुरी समेत ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

आईएमडी ने एक बुलेटिन में बताया कि ऊपरी वायुमंडल में चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों के पास बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया।
 
उसने कहा कि निम्न दबाव के क्षेत्र के अगले दो दिनों में उत्तरी ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावना है।
 
मंगलवार शाम से पुरी तथा ओडिशा के कई ज़िलों में ज़ोरदार बारिश हुई।
 
अधिकारियों ने बताया कि पुरी और इस तटीय जिले के अन्य हिस्सों में मंगलवार शाम से बुधवार तड़के तक भारी बारिश हुई।
 
उन्होंने कहा कि शहर से बारिश का पानी निकालने के लिए अग्निशमन कर्मियों को लगाया गया। 'ग्रैंड रोड' पर भी पानी भर गया, जो भगवान जगन्नाथ मंदिर के सामने की मुख्य सड़क है और उसी रास्ते पर (बृहस्पतिवार को) रथ यात्रा के दौरान रथ खींचे जायेंगे।
 
अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने उन जगहों पर पंप लगाए हैं जहां भारी बारिश के दौरान जलभराव हो सकता है। कल शाम भारी बारिश के दौरान पानी निकालने के लिए इन पंपों का इस्तेमाल किया गया था।’’
 
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान पुरी शहर में सबसे ज़्यादा 143.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई।
 
पुरी में बृहस्पतिवार को विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा होने वाली है जिसमें देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
 
आईएमडी ने भारी बारिश का अनुमान जताया है और पुरी तथा जगतसिंहपुर जिलों के लिए ‘रेड वार्निंग’ (कार्रवाई करने की चेतावनी) जारी की है।
 
मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए, पुरी जिला प्रशासन ने बुधवार को निजी स्कूलों सहित सभी स्कूलों को बंद कर दिया है।