Hyundai plans to increase the share of women at the executive level to 20 percent by 2030
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की योजना विविधता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रतिभाओं की मजबूत श्रृंखला तैयार करने के प्रयासों के तहत 2030 तक अपने कार्यकारी स्तर के कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की है।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) के 4,000 से अधिक कार्यकारी स्तर के कर्मचारियों में फिलहाल आठ प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं।
बयान के अनुसार, इसके साथ ही 2026 में नियुक्त युवा प्रतिभाओं (प्रबंधन प्रशिक्षुओं एवं इंजीनियर प्रशिक्षुओं) में करीब 45 प्रतिशत महिलाएं हैं।
एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा, ‘‘2030 तक कार्यकारी स्तर के कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत करने की हमारी प्रतिबद्धता अवसरों का विस्तार करने, प्रतिभाओं की मजबूत श्रृंखला तैयार करने और ऐसा माहौल बनाने पर हमारे ध्यान को दर्शाती है जहां हर व्यक्ति अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर सके।’’