During his visit to Manipur, Vice President Radhakrishnan will visit the INA Museum and Sainik School on Tuesday.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन मंगलवार को अपने एक दिवसीय मणिपुर दौरे के दौरान मोइरांग स्थित भारतीय राष्ट्रीय सेना (आईएनए) संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा यहां सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
राधाकृष्णन छह से नौ सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर हैं।
अधिकारियों के अनुसार, उपराष्ट्रपति मंगलवार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से इंफाल हवाई अड्डे पहुंचेंगे।
इसके बाद वह सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और आईएनए युद्ध स्मारक जाएंगे। वहां से लौटकर वह इंफाल स्थित सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह सैनिक स्कूल के दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति के साथ रहेंगे।
अधिकारी ने बताया कि राधाकृष्णन शाम 4 बजकर 30 मिनट पर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के लिए रवाना होंगे।
उपराष्ट्रपति के इस उच्चस्तरीय दौरे को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंफाल और बिष्णुपुर जिले के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
राधाकृष्णन रविवार को असम पहुंचे थे। उन्होंने गुवाहाटी स्थित गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया और कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया।
सोमवार को उन्होंने गुवाहाटी विश्वविद्यालय में 110 करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा विकास परियोजना की आधारशिला रखी और कार्यक्रम को संबोधित किया।
उपराष्ट्रपति सोमवार को बाद में मेघालय के शिलांग पहुंचेंगे, जहां वह सोसो थाम सभागार में आयोजित होने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।