Gujarat High Court grants temporary bail to AAP MLA Chatur Vasava to attend Assembly session
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात उच्च न्यायालय ने सोमवार को जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक चैतर वसावा को नौ सितंबर से शुरू होने वाले राज्य विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र में शामिल होने के लिए सात दिन की अस्थायी जमानत दे दी।
वसावा वडोदरा केंद्रीय कारागार में बंद हैं। वसावा और आठ अन्य लोगों को आपराधिक हमले और वसूली के एक मामले में नर्मदा जिले की एक सत्र अदालत ने जेल की सजा सुनायी थी।
न्यायमूर्ति विमल के. व्यास ने सोमवार को उनकी याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए उन्हें इस शर्त के साथ रिहाई की तारीख से सात दिनों के लिए जमानत दे दी कि वह राज्य की राजधानी गांधीनगर से बाहर नहीं जाएंगे और न ही मीडियाकर्मियों या किसी सभा को संबोधित करेंगे।
राज्य सरकार ने याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया कि बहुत पहले अवसर दिए जाने के बावजूद उन्होंने विधानसभा के लिए कोई प्रश्न प्रस्तुत नहीं किया था, इसलिए अदालत को इस याचिका पर विचार नहीं करना चाहिए।
सरकार ने कहा कि यदि उच्च न्यायालय उनकी याचिका पर विचार करता भी है, तो यह तीन दिन से अधिक के लिए नहीं होनी चाहिए और इसमें उचित शर्तें होनी चाहिए, जिनमें यह शामिल है कि वह मीडिया को संबोधित न करें, किसी भी राजनीतिक सभा में भाग न लें और गांधीनगर न छोड़ें।