गावस्कर की अभिषेक को सलाह, पारी के शुरू में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचें

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-02-2026
Gavaskar's advice to Abhishek Bachchan: Avoid playing 'across the line' shots early in the innings
Gavaskar's advice to Abhishek Bachchan: Avoid playing 'across the line' shots early in the innings

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि अभिषेक शर्मा मौजूदा टी20 विश्व कप में उम्मीदों के दबाव से जूझ रहे हैं और वह चाहते हैं कि यह आक्रामक सलामी बल्लेबाज अपनी पारी की शुरुआत में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचे।

अभिषेक ने टूर्नामेंट में अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें वह खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ वह शुरू में ही आउट हो गए थे।
 
गावस्कर ने स्टार स्पोर्टस से कहा,‘‘अभिषेक शर्मा बहुत ही अच्छे इंसान हैं, लेकिन उन पर उम्मीदों का बोझ साफ दिख रहा है। अगर उन्होंने अमेरिका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती तो बात कुछ और होती। अब बड़े छक्के लगाने वाला शीर्ष बल्लेबाज होने का दबाव उन पर साफ दिख रहा है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अपनी बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें क्रीज पर समय बिताना होगा। उन्हें अपनी पारी की पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर बड़े शॉट खेलने का मन करे तो ठीक है। लेकिन उन्हें ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।’’
 
गावस्कर ने कहा कि इस 25 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज को अपनी पारी की शुरुआत में समझदारी से क्रिकेट खेलने की जरूरत है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘एक रन लो और अपना खाता खोलो। चार डॉट बॉल भी मायने नहीं रखतीं। वह बाद में उनकी भरपाई कर सकता है। उसे शुरुआत में समझदारी से खेलना होगा। एक-दो ओवर क्रीज पर पांव जमाने में बिताओ, फिर अपना स्वाभाविक खेल खेलो।’’