आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
निर्देशक रवि उदयावर का कहना है कि फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली ने उनकी फिल्म ‘‘दो दीवाने शहर में’’ को लेकर उनके दृष्टिकोण पर पूरा भरोसा जताया और उन्हें फिल्म को अपनी इच्छानुसार बनाने की पूरी रचनात्मक स्वतंत्रता भी दी।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण कहानियों को पूरी ईमानदारी से पेश किया जाना जरूरी है।
उदयावर ने 2017 में क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘‘मॉम’’ से निर्देशन के क्षेत्र में पदार्पण किया, जो श्रीदेवी की आखिरी फिल्म थी। उनकी अगली फिल्म ‘‘युध्रा’’ थी, जिसमें सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में थे।
निर्देशक ने कहा कि जब भंसाली ने फिल्म ‘‘दो दीवाने शहर में’’ देखी, तो वह इस बात से खुश थे कि सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर ने शशांक और रोशनी के किरदार को बखूबी निभाया है।
उदयावर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शूटिंग शुरू करने से पहले, उन्होंने (भंसाली) कहा, ‘यह एक बेहद महत्वपूर्ण कहानी है जिसे बताया जाना चाहिए।’ भंसाली ने कहा, ‘मैं भावनात्मक रूप से खुद को दोनों किरदारों में देखता हूं। मैं खुद को काफी हद तक इससे जोड़ पाता हूं, इसलिए मुझे पता है कि यह फिल्म बहुत से लोगों से जुड़ेगी। इसे ईमानदारी से करो।’’