मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और विस्फोटक बरामद

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 01-08-2025
Four militants arrested in Manipur, arms and explosives recovered
Four militants arrested in Manipur, arms and explosives recovered

 

इंफाल

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगद्रेनखोम्बा) का स्वयंभू सेना प्रमुख मोइरांगथेम बिरामणि मैतेई भी शामिल है। उसे बिष्णुपुर जिले के फुबाला पट्टन क्षेत्र से गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, कांगलेई यावोल कन्ना लुप (KYKL) के दो सक्रिय सदस्य — केशम विल्सन सिंह (18) और थोकचोम सनाथोई मैतेई (22) — को बुधवार को थौबल जिले के सलुंगफाम बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पर स्थानीय दुकानदारों से जबरन वसूली करने का आरोप है। उनके पास से एक 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन, एक 36 HE हैंड ग्रेनेड और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

वहीं, प्रतिबंधित संगठन प्रेपाक (प्रो) का एक सक्रिय कैडर — टेलेम नाओबा सिंह (29) — को गुरुवार को इंफाल ईस्ट जिले के खुरई चाइरेंथोंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

इधर, चुराचांदपुर जिले के के गेलजंग इलाके के पास एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो हथियार, जिनमें एक एके राइफल और एक मैगजीन शामिल है, बरामद किए। इसके अलावा तीन डेटोनेटर, दो रेडियो सेट, एक आईईडी कैप और तीन देशी मोर्टार भी मिले हैं।