आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कोलकाता के दक्षिणी हिस्से के तारातला इलाके में गोदाम ढहने की घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 10 हो गई। घटना के करीब 21 घंटे बाद भी बचाव दल, सेना की उन्नत ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर) प्रणाली की सहायता से, मलबे में गहन तलाश अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बचाव अभियान से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सुबह मलबे से पांच और लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिसके बाद मलबे से बाहर निकाले गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 30 हो गई।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कृष्णा चौधरी (30), रोहित चौधरी (40), राहुल चौधरी (17), चंद्रमा चौधरी (60), पप्पू रजक (40), असगर हुसैन (55), साहिल सरदार (17) और घी कुमार (17) के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
यह गोदाम शहर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के स्वामित्व वाली पट्टे पर दी गई भूमि पर बनाया जा रहा था।
घायलों का इलाज कर रहे एसएसकेएम अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह एक और व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी पीड़ितों का विवरण जुटाने और उनकी आधिकारिक पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।