प्रधानमंत्री मोदी से मिले अमेजन के सीईओ जेसी, भारत में अतिरिक्त 13 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-06-2026
Amazon CEO Jassy meets PM Modi, announces additional $13 billion investment in India
Amazon CEO Jassy meets PM Modi, announces additional $13 billion investment in India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनी की 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) व क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की।
 
जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई। इस नए निवेश से 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा।
 
यह नया निवेश भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। जेसी ने भारत को कंपनी के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण वृद्धि वाले बाजारों में से एक बताया।
 
उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स और क्लाउड कंप्यूटिंग इकाई अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) में ग्राहकों की मजबूत मांग के कारण भारत में अमेजन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
 
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत की बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था, विस्तृत उपभोक्ता आधार तथा क्लाउड और कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए निवेश बढ़ा रही हैं।
 
अमेजन ने पिछले एक दशक में भारत में लॉजिस्टिक नेटवर्क, प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर भारी निवेश किया है, ताकि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी उपस्थिति मजबूत की जा सके।
 
जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अमेजन का भारतीय कारोबार मजबूत वृद्धि की ओर बढ़ रहा है।
 
उन्होंने कहा कि कंपनी ई-कॉमर्स, एआई, क्लाउड और मनोरंजन सहित कई क्षेत्रों में काम कर रही है और भारत उसके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार बन चुका है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एंडी जेसी के साथ शानदार बैठक हुई। मैं भारत में अमेजन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।’’