उप्र भाजपा ने जारी की प्रदेश पदाधिकारियों की सूची, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-06-2026
UP BJP releases list of state office bearers, CM congratulates them
UP BJP releases list of state office bearers, CM congratulates them

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बृहस्पतिवार को अपनी प्रदेश इकाई के लिए सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को हटाकर नये पदाधिकारियों की घोषणा की।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश इकाई में 19 उपाध्यक्ष और आठ महासचिव बनाये गये हैं।
 
इसके मुताबिक पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं। यह सूची पार्टी नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कई दौर के विचार-विमर्श के बाद जारी की गई है।
 
सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री बनाये गये नेताओं में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल है।
 
इसके अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने वाले नेताओं में पूजा पाल, सुरेश राणा, नीरज सिंह और सत्यपाल सैनी सहित अन्य नेता शामिल हैं।
 
इसके अनुसार सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष बदल दिये गये हैं। इसके अनुसार जिन लोगों को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है उनमें नवाब सिंह नागर - क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम), पूरन लाल लोधी - क्षेत्रीय अध्यक्ष (ब्रज), राम किशोर साहू - क्षेत्रीय अध्यक्ष (कानपुर), अवधेश द्विवेदी - क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध), अशोक चौरसिया - क्षेत्रीय अध्यक्ष (काशी) और विनोद राय - क्षेत्रीय अध्यक्ष (गोरखपुर) शामिल हैं।