फीफा वर्ल्ड कप 2026: नॉकआउट की जंग तेज

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 25-06-2026
FIFA World Cup 2026: Battle for the knockout stage intensifies.
FIFA World Cup 2026: Battle for the knockout stage intensifies.

 

आवाज द वाॅयस ब्यूरो /नई दिल्ली

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है। हर टीम अगले दौर यानी राउंड ऑफ 32 में जगह बनाने के लिए जी-जान लगा रही है। फुटबॉल फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी पसंदीदा टीम को नॉकआउट में पहुंचने के लिए अब क्या करना होगा। इस बार का टूर्नामेंट नए फॉर्मेट के तहत खेला जा रहा है। यही वजह है कि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच अंतिम 32 में पहुंचने की जंग बेहद रोमांचक हो गई है।

ddd

जानिए क्या है ग्रुप रैंकिंग और तीसरे स्थान का पूरा नियम

टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार अगर दो या उससे अधिक टीमों के अंक बराबर होते हैं तो उनकी रैंकिंग तय करने के लिए एक खास प्रक्रिया अपनाई जाती है। सबसे पहले टीमों के बीच हुए हेड टू हेड मैच के अंक देखे जाते हैं।

इसके बाद हेड टू हेड गोल अंतर और हेड टू हेड गोल संख्या को आधार बनाया जाता है। यदि फिर भी फैसला न हो तो कुल गोल अंतर, कुल किए गए गोल, फेयर प्ले पॉइंट और अंत में फीफा रैंकिंग की मदद ली जाती है।

इस बार हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सीधे राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालिफाई करेंगी। इनके अलावा सभी ग्रुप की आठ सबसे सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें भी अगले दौर में पहुंचेंगी। तीसरे स्थान की रैंकिंग के लिए अंक, गोल अंतर और फीफा रैंकिंग को मुख्य आधार बनाया गया है।

अब तक के नतीजों को देखें तो पांच अंक हासिल करने वाली टीम का आगे बढ़ना पूरी तरह तय है। बोस्निया और हर्जेगोविना की टीम चार अंकों के साथ पहले ही अंतिम 32 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।

कौन सी टीमें पहुंचीं अगले दौर में और कौन हुईं बाहर

दुनिया की कई दिग्गज टीमों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर का टिकट कटा लिया है। अर्जेंटीना, फ्रांस, जर्मनी, मैक्सिको, नॉर्वे, अमेरिका, कोलंबिया, कनाडा, स्विट्जरलैंड, ब्राजील, मोरक्को, दक्षिण अफ्रीका और बोस्निया और हर्जेगोविना की टीमें राउंड ऑफ 32 में पहुंच चुकी हैं।

वहीं दूसरी तरफ कुछ टीमों का सफर इस वर्ल्ड कप में यहीं समाप्त हो गया है। हैती, जॉर्डन, ट्यूनीशिया, तुर्की, पनामा, कतर और चेक गणराज्य की टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।

सभी ग्रुप्स का ताजा समीकरण और आगे की राह

ग्रुप ए और ग्रुप बी

ग्रुप ए में मैक्सिको ने अपने सभी मैच जीतकर नौ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका चार अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही और उसने भी अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। दक्षिण कोरिया की टीम तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

उसे अब दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। चेक गणराज्य की टीम बाहर हो चुकी है। ग्रुप बी में स्विट्जरलैंड सात अंकों के साथ पहले और कनाडा चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बोस्निया की टीम चार अंकों के साथ तीसरे स्थान से अगले दौर में पहुंच गई है जबकि कतर बाहर हो गया है।

ग्रुप सी और ग्रुप डी

ग्रुप सी से ब्राजील और मोरक्को दोनों ने सात-सात अंक हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई है। स्कॉटलैंड तीन अंकों और माइनस तीन गोल अंतर के साथ किस्मत के भरोसे है। हैती का सफर खत्म हो चुका है। ग्रुप डी में अमेरिका छह अंकों के साथ टॉप पर है। ऑस्ट्रेलिया को आगे बढ़ने के लिए पैराग्वे के खिलाफ सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है। पैराग्वे को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। तुर्की की टीम पहले ही बाहर हो चुकी है।

ग्रुप ई और ग्रुप एफ

जर्मनी छह अंकों के साथ ग्रुप ई में सबसे आगे है। आइवरी कोस्ट को अगले दौर में जाने के लिए कुराकाओ के खिलाफ सिर्फ एक अंक चाहिए। इक्वाडोर और कुराकाओ को अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए अपने आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। ग्रुप एफ में नीदरलैंड और जापान मजबूत स्थिति में हैं। दोनों को अगले दौर में जाने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की आवश्यकता है। स्वीडन को जापान को हराना होगा जबकि ट्यूनीशिया की टीम बाहर हो चुकी है।

ग्रुप जी और ग्रुप एच

ग्रुप जी में मिस्र और ईरान के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प है। मिस्र को क्वालिफाई करने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है। बेल्जियम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। ग्रुप एच में स्पेन की स्थिति मजबूत है।

उरुग्वे को स्पेन को हराना होगा। केप वर्डे की टीम अगर सऊदी अरब को हरा देती है तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगी। सऊदी अरब को भी जीत के साथ दूसरी टीमों के खराब प्रदर्शन की दुआ करनी होगी।

ग्रुप आई और ग्रुप जे

फ्रांस और नॉर्वे ग्रुप आई से पहले ही अंतिम 32 में पहुंच चुके हैं। सेनेगल और इराक के बीच होने वाला मैच नॉकआउट जैसा है। दोनों को जीत के साथ बड़े गोल अंतर की जरूरत होगी। ग्रुप जे में अर्जेंटीना शीर्ष पर है।

ऑस्ट्रिया को आगे बढ़ने के लिए अल्जीरिया के खिलाफ केवल एक ड्रॉ चाहिए। अल्जीरिया को हर हाल में जीत की तलाश होगी। यह ग्रुप सबसे आखिर में खत्म होगा इसलिए टीमों को समीकरण का साफ पता होगा।

ss

ग्रुप के और ग्रुप एल

कोलंबिया ग्रुप के से क्वालिफाई कर चुका है। पुर्तगाल को भी अगले दौर में जाने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है। कांगो और उज्बेकिस्तान को अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए बड़े अंतर से मैच जीतने होंगे।

ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना मजबूत स्थिति में हैं। दोनों को अगले दौर में जाने के लिए केवल एक-एक अंक की जरूरत है। क्रोएशिया को घाना के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी जबकि पनामा बाहर हो चुका है।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का यह चरण फुटबॉल इतिहास के सबसे रोमांचक दौर में से एक साबित हो रहा है। नए नियमों और बड़ी टीमों के बीच कांटे की टक्कर ने फैंस का रोमांच दोगुना कर दिया है। आने वाले कुछ दिनों में यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीमें तीसरे स्थान के समीकरण का फायदा उठाकर इतिहास रचेंगी और किन टीमों को खाली हाथ घर लौटना पड़ेगा।